हाथरस- बाबा का खास सेवादार गिरफ्तार, भोले बाबा फरार
हाथरस, 6 जुलाई। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के पुलराई गांव में 2 जुलाई की दोपहर नारायण सरकार हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग में मची भगदड़ के दौरान 123 लोगों की मौत हुई जिनमें 113 महिलाएं 7 बच्चे और 3 पुरूष थे इसके अलावा दर्जनों घायल हुए। उक्त मामले में पुलिस पहले 6 लोगों को गिरफ्तार किया जिनमें 4 पुरूष और 2 महिला हैं इसी कड़ी में आज यूपी पुलिस ने भोले बाबा उर्फ नारायण साकार हरि के खास सेवादार देव प्रकाश मधुकर को गिरफ्तार किया है। मधुकर को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ के दौरान पता चला कि देव प्रकाश मधुकर ही भोले बाबा के कार्यक्रमों को आयोजनकर्ता है और इन कार्यक्रमों के लिए पैसा भी इकट्ठा करता था। एसपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जब भगदड़ मची उस वक्त भीड़ को संभालने के लिए कोई भी सेवादार आगे नहीं आया और भीड़ को रोकने की कोशिश नहीं की गई। भगदड़ के बाद सभी सेवादार फरार हो गए। सत्संग के दौरान अव्यवस्था फैलने की वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ है। जब सत्संग खत्म हुआ उसके बाद जानबूझकर भोले बाबा की गाड़ी भीड़ के बीच से निकाली गई। सेवादारों को पता था कि भीड़ ज्यादा है और ऐसा करना ठीक नहीं होगा। बावजूद इसके आश्रम के प्रमुख सेवादारों कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई जिससे भीड़ को काबू किया जा सके।
गौरतलब है कि पुलिस अभी देव प्रकाश मधुकर को से उसके बैकग्राउंड की जानकारी एकत्रित करने में लगी है। पुलिस के मुताबिक प्रमुख सेवादार होने की वजह से मधुकर के हाथ में पैसों का लेन-देन भी हुआ करता था। इसलिए उसकी चल-अचल संपत्ति की भी जांच की जा रही है। वहीं आयकर विभाग और राजस्व विभाग भी मधुकर की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। पुलिस मधुकर की कॉल डिटेल भी जांच रही है।