गृहमंत्री के फेक वीडियो को वायरल करने में आम आदमी पार्टी के दाहोद जिला अध्यक्ष गिरफ्तार
नई दिल्ली, 30 अप्रैल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के फेक वीडियो को वायरल करने के मामले में गुजरात के पालनपुर के पास से सतीश वर्सोला नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वह कांग्रेस नेता जिग्नेश मेवाणी का पीए है। वहीं, आरबी बारिया को लिमखेड़ा से गिरफ्तार किया गया। वह आम आदमी पार्टी के दाहोद जिला अध्यक्ष हैं। वीडियो को एक राजनीतिक ग्रुप में वायरल किया गया था। कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कहा, मैं अपने जीवन में कभी भी फर्जी वीडियो या फर्जी प्रचार का समर्थक नहीं हो सकता। मैं ऐसे सभी कार्यों की निंदा करता हूं… लेकिन चुनाव के दौरान किसी को भी चुनिंदा रूप से निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए…सतीश मेरे भाई की तरह हैं और मैं मुझे उसके जैसा दोस्त होने पर गर्व है, लेकिन वह ऐसा व्यक्ति नहीं है जो जानबूझकर बुरे इरादों के साथ कुछ भी करता हो।
फेक वीडियो को लेकर असम की राजधानी गुवाहाटी में अमित शाह ने कहा विपक्ष की हताशा और निराशा इस स्तर पर पहुंच गई है कि उन्होंने मेरा और कुछ बीजेपी नेताओं का फेक वीडियो बनाकर सार्वजनिक किया है। उनके मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष ने भी इस फेक वीडियो को फॉरवर्ड करने का काम किया है। सौभाग्य से मैंने जो बोला था, उसकी भी रिकॉर्डिंग हुई थी। वो रिकॉर्ड हमने सबके सामने रखा, जिससे सब स्पष्ट हो गया और आज कांग्रेस के प्रमुख नेता क्रिमिनल ऑफेंस का सामना कर रहे हैं।