बीजेपी- गुजरात राज्यसभा के चारों उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
गुजरात, 15 फरवरी। बीजेपी ने गुजरात राज्यसभा के लिए जिन चार नामों की घोषणा की उन सभी ने आज नामांकन दाखिल कर दिया है। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सूरत के मशहूर उद्योगपति गोविंद ढोलकिया, उत्तर गुजरात से नेता मयंक नायक और मध्य गुजरात से प्रख्यात डाॅक्टर जशवंत सिंह परमार शामिल हैं। नामांकन दाखित करते वक्त गुजरात सीएम भूपेन्द्र पटैल, प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल सहित अन्य नेतागण मौजूद रहे।
गौरतलब है कि भाजपा ने मौजूदा राज्यसभा सांसद पुरुषोत्तम रूपाला और मनसुख मंडाविया को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया अब भावनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। उत्तर गुजरात के नेता और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष मयंक नायक भी राज्यसभा सांसद बनेंगे और इसके साथ ही बीजेपी ने एक तीर से दो निशाने साधे हैं। मयंक नायक को राज्यसभा उम्मीदवार चुनकर एक तरफ जहां ओबीसी समुदाय को महत्व दिया गया है, वहीं, दूसरी तरफ उत्तर गुजरात का प्रतिनिधित्व भी मजबूत हुआ है।
गौरतलब है कि बीजेपी लंबे समय से उत्तर गुजरात को मजबूत करने और ओबीसी समुदाय को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है, इससे पहले भी राज्यसभा चुनाव में जुगलजी ठाकोर का कार्यकाल पूरा होने के बाद ओबीसी समुदाय के नेता बाबू देसाई को उत्तर गुजरात से सीट दी गई और अब मयंक नायक का चयन किया गया। मयंक नायक बीजेपी मारी माटी मारी देश अभियान की प्रभारी रह चुके हैं। मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक जिम्मेदार थे, उन्हें पाटन जिले में बीजेपी का प्रमुख चेहरा माना जाता है। इसलिए पार्टी के पास व्यापक चेहरे और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता हैं।