पीएम मोदी ने मप्र झाबुआ में सैकड़ों करोड़ों की योजनाओं का किया शिलान्यास, माना जनता का आभार
झाबुआ, 11 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को मध्यप्रदेश पहुंचे। इंदौर एयरपोर्ट पर पीएम के स्वागत के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी राम सिलावट, राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं सासंद वीडी शर्मा के साथ अन्य नेता भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाबुआ में 7500 करोड़ रुपए की योजना का शिलान्यास किया और कई योजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा पीएम मोदी ने जनजाति महाकुम्भ को भी सम्बोधित किया। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि, 2023 के विधानसभा चुनाव में तो बस कांग्रेस की छुट्टी हुई, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया भी तय।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- यहाँ आने से पहले मैंने देखा कि, इस यात्रा को लेकर खूब चर्चा है। कुछ कह रहे हैं मोदी मध्यप्रदेश के झाबुआ से लोकसभा की लड़ाई का आगाज करेगा। मैं कहना चाहता हूँ मैं लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए नहीं आया हूँ। मैं तो ईश्वर रूपी जनता का आभार मानने आया हूँ। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजराती भाषा में लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने झाबुआ की पावन मिट्टी को नमन करते हुए कहा, माताओं – बहनों और जनजातीय समाज को आदरपूर्वक नमन। सभी को देख कर मन में वैसी ही खुशी हो रही है जैसे परिजनों को देखकर होती है। झाबुआ जितना मध्यप्रदेश से जुड़ा है उतना ही गुजरात से जुड़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा सदन में विपक्ष के नेता कह रहे हैं लोकसभा चुनाव 2024 में NDA को 400 सीट मिलेगी। इसके संकेत मध्यप्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में ही दे दिए थे। मेरी गारंटी है कि, आपके विश्वास के अनुरूप हम दिन रात काम करेंगे। कुछ दिन पहले विपक्ष के नेताओं ने कहा, इस बार 400 पार, तो मैंने कहा कि, अकेले बीजेपी 370 सीट पार करेगी। लोकसभा चुनाव में 370 सीट लाने के लिए कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथ जाकर पिछले 3 चुनाव का आँकड़ा निकालना है। भाजपा को किस बूथ में सबसे अधिक मतदान मिला है इसे लिखना है। जिस बूथ में सबसे ज्यादा वोट डाले गए थे उस पर इस बार 370 वोट ज्यादा डाले जाएं ऐसा कार्यकर्ताओं को सुनिश्चित करना है। इस तरह से बीजेपी को 370 से अधिक सीट लोकसभा चुनाव में मिलेंगी।