सायबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक” के दौरान आमजन को किया जागरूक

उमरिया । सेफ इंटरनेट दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में चलाये जा रहे विशेष जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक” का आयोजन किया जा रहा है । 11 फरवरी 2025 तक प्रत्येक दिवस भिन्न-भिन्न तरीके समाज के प्रत्येक वर्ग जैसे स्कूल / कॉलेज के छात्रो, नौकरी करने वालो, व्यापार करने वालो, महिलाओं, बुजुर्गो, ग्रामीण जनो आदि को प्रचलित सायबर अपराधो के खतरो के बारे में बताते हुये इससे बचने के उपाय से जागरूक कराना है साथ ही सुरक्षित इंटरनेट का उपयोग पर जोर देना है।
पुलिस अधीक्षक उमरिया निवेदिया नायडू एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक उमरिया के निर्देशन में जिला उमरिया में उमरिय पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक” की शुरूआत की जा चुकी है । कार्यक्रम के रूपरेखा अनुसार दूसरे दिवस की कार्यवाही में उमरिया पुलिस द्वारा थाना परिसर में जागरूकता के लिये सुरक्षा उपाय संबंधी बैनर लगाये गये साथ ही सार्वजनिक स्थानो पर आमजन को सुरक्षा उपाय संबंधी पंपलेट वितरित किये गये साथ ही बाजारो में आये ग्रामीणो एवं व्यापारियों को सायबर अपराधो से बचने के उपाय बतलाये गये।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा है जिस हेतु उमरिया पुलिस आप सभी से अपील करती है कि आप भी इस जागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा बनकर आमजन में खासकर ग्रामीण इलाको में जागरूकता लाने में हमारी मदद करें।