गणतंत्र दिवस पर प्रभारी मंत्री ने ग्राम सिलौड़ी स्थित हाई स्कूल में बच्चों के साथ भोजन किया

उमरिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर करकेली जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत सिलौड़ी में सुरूचि भोजन में प्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने हाई स्कूल में बच्चों को खाना परोसा तथा उन्हीं के साथ सुरूचि भोजन किया। इस अवसर पर आपनें कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। जो समाज जितना पढा लिखा होगा वह उतनी ही तेजी से विकास करेगा। सभी ग्रामीण जन अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल अवश्य भेजे। उन्होने कहा कि भारत सरकार व्दारा प्रधानमंत्री आवास योजना का पोर्टल खोल दिया गया है जिसमें हितग्राही आनलाइन आवेदन कर सकते है अथवा अपने ग्राम पंचायत या परिवार जन का सहयोग लेकर भी आवेदन 31 मार्च तक कर सकते है। आपनें जिलेवासियों से अपील की है कि सभी लोग इस अभियान में जुड जाए तथा पात्र लोगों को आवेदन करने हेतु प्रेरित करें एवं सहयोग करें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि धरती आबा अभियान के माध्यम से भारत सरकार के निर्देशानुसार 250 आबादी वाले सभी ग्रामों को प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना से जोड़ा जाना है। ग्रामीण जन तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी योजना का लाभ उठाने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर विधायक बांधवगढ शिवनारायण सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आम आदमी के जीवन में सुधार लाने तथा सबसे पिछडे पंक्ति के लोगों को प्रथम पंक्ति में लाने के लिए प्रयास कर रही है। सभी लोग योजनाओं को समझे, जाने तथा उनका लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, वनमंडलाधिकारी विवेक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल, सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर शिवगोविंद सिंह मरकाम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं लाडली लक्ष्मी योजना, संबल योजना, पेंशन योजना सहित राजस्व विभाग की योजनाओं के हितलाभ का वितरण अतिथियों व्दारा किया गया।