गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित होगा
उमरिया। गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है। इस पर्व को मनाने में सभी शासकीय सेवकों के साथ साथ आम जनता से भी सहयोग अपेक्षित है। गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में बैठक संपन्न हुई। आपने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह प्रातः 9 बजे से अमर शहीद स्टेडियम ग्राउण्ड में आयोजित किया जाएगा। इसके पूर्व स्कूली बच्चों व्दारा रैलियां निकाली जाएगी। जिला मुख्यालय स्थित कॉलरी स्कूल से प्रभात फेरी निकाली जाएगी जहां से वे विभिन्न मार्गाे से होते हुए मुख्य समारोह स्थल में पहुंचेगे। प्रभात फेरी निकलवाने का उत्तरदायित्व जिला शिक्षा अधिकारी का होगा। शासकीय भवनों, उपक्रमों, ऐहतिहासिक इमारतों में एक दिन पूर्व प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। स्कूलों में सुरूचि भोज का भी आयोजन किया जाएगा। विभिन्न शासकीय विभागों व्दारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं पर आधारित झांकी निकाली जाएगी। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, संस्थाओं, स्वयं सेवी संस्थाओं तथा समाज सेवियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिसके लिए प्रस्ताव 20 जनवरी तक अपर कलेक्टर कार्यालय में प्रेषित किए जा सकते है। बैठक में बताया गया कि गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की रिहर्सल 17 जनवरी से प्रारंभ होगी। बैठक में मंच, साउण्ड, बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, साफ सफाई व्यवस्था, गुब्बारें की व्यवस्था, ध्वजारोहण सहित आदि व्यवस्थओं के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई। गणतंत्र दिवसं 26 जनवरी की संध्या पर स्थानीय सामुदायिक भवन उमरिया में लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लोकगीतों, देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति कलाकारों व्दारा दी जाएगी। कार्यक्रम सभी जिला प्रमुख अधिकारियों से उपस्थिति की अपेक्षा की गई है।बैठक में अपर कलेक्टर शिवगोविंद सिंह मरकाम, सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह, एसडीएम बांधवगढ रीता डेहरिया, एसडीएम पाली टी आर नाग, डिप्टी कलेक्टर मीनांक्षी इंगले हरनीत कौर, अंबिकेश प्रताप सिंह सहित जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।