राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार का आगाज किया कहा- झूठे वादे करने में मोदी-केजरीवाल एक जैसे
नई दिल्ली, 13 जनवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में सीलमपुर सीट पर रैली करके राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार का आगाज किया। बीजेपी और आम आदमी पार्टी उनके निशाने पर रहीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केजरीवाल पर राहुल गांधी ने जमकर हमला किया। राहुल ने अपने भाषण में संविधान, पिछड़ों, दलितों का जिक्र किया तो अडानी-अंबानी का नाम लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। झूठे वादे करने की बात कहते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केजरीवाल को एक जैसा करार दिया।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को महंगाई के मुद्दे को लेकर भी घेरा, साथ ही दिल्ली की खराब हवा के लिए केजरीवाल पर सवाल खड़े किए। साथ ही उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा करके सत्ता में आए केजरीवाल भ्रष्टाचार खत्म नहीं कर पाए। हालांकि, इस दौरान शराब घोटाला, शीशमहल जैसे मुद्दों पर चुप ही रहे। वो सीधे तौर पर केजरीवाल को भ्रष्टाचारी या भ्रष्टाचार का आरोपी कहने से भी बचे। केजरीवाल को एंटी नेशनल बोलने वाले अजय माकन राहुल गांधी की रैली से दूर रखे गए।