अरविंद केजरीवाल को झटका, 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा
नई दिल्ली, 29 जून। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुसीबत फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। शराब नीति मामले में तिहाड़ जेल में बंद सीएम केजरीवाल की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद उन्हें और 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
सीबीआई ने अदालत से अनुरोध किया कि अरविंद केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया जाए, हमें रिमांड की आवश्यकता नहीं है। सीबीआई द्वारा पेश की गई एप्लीकेशन में दर्शाया गया था कि शराब नीति से जुड़े अहम सवालों के जवाब देने में अरविंद केजरीवाल द्वारा आनाकानी की गई, मुनाफे के बढ़ाए गए मार्जिन परसेंटेज पर भी जवाब नहीं दिया। सीबीआई की ओर से कहा गया कि देश में जिस वक्त कोरोना की दूसरी वेव चल रही थी, उस वक्ती कैबिनेट में शराब पालिसी में बदलाव करना क्यों जरूरी था? साथ ही सीबीआई ने कहा कि इतनी जल्दबाजी क्यों थी, साउथ लॉबी से जुड़े केस के आरोपी दिल्ली में ठहरे हुए थे और केजरीवाल के करीबी विजय नायर के सम्पर्क में थे। सीबीआई ने कहा कि पूछताछ के दौरान अरविंद केजरीवाल शराब कारोबारियों से उनके करीबी विजय नायर की कई मीटिंग, करोड़ों रुपये की रिश्वत मांगने, गोआ चुनाव में रिश्वत में आए करीब साढ़े 44 करोड़ रुपये के इस्तेमाल के साथ ही मगुंटा श्रीनिवासल्लु रेड्डी, अर्जुन पांडेय और मूथा गौतम से मीटिंग की वजह जैसे तमाम सवालों का जवाब देने से बचते रहे।