पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली, 9 अप्रैल। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता 78 वर्षीय चौधरी बीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को हजारों समर्थकों के साथ भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके साथ उनकी पत्नी प्रेमलता सिंह भी कांग्रेस में शामिल हो गईं वह उचाना से विधायक रहीं। बीते 10 मार्च को हिसार सीट से मौजूदा सांसद उनके पुत्र बृजेन्द्र सिंह भी भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। वह वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस में ही थे। बीरेंद्र सिंह पांच बार विधायक और तीन बार प्रदेश में मंत्री रहे। इसके अलावा वह तीन बार सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक, हरियाणा में नेता विपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी सैलजा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन कैप्टन अजय सिंह यादव, विधायक किरण चौधरी, पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, सांसद नासिर हुसैन और कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन पवन खेड़ा समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्हें कांग्रेस में शामिल कराया गया।
गौरतलब है कि चौधरी बीरेंद्र सिंह ने भाजपा में रहते हुए किसानों के मुद्दे सुलझाने का प्रयास किया, मगर भाजपा किसान हितैषी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा वास्तविकता से कोसों दूर है। भाजपा में किसानों और गरीबों के प्रति प्रेम नाम की कोई चीज नहीं है। वह 52 साल से राजनीति में है। इसलिए उन्हें राजनीति का पूरा अनुभव है। वह दावे के साथ कह सकते हैं कि आज देश करवट बदल रहा है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण देश का मतदाता बदलाव के लिए तैयार है।