वोटों की गिनती खत्म लेकिन नोटों की गिनती अभी तक जारी

नई दिल्ली , 09 दिसंबर। उड़ीसा और झारखंड में बीते दो दिनों से नोटों की गिनती का आलम यह है कि मशीनें दम तोड़ती नजर आ रहीं लेकिन कैश है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रहा और तो और यह बढ़ता ही जा रहा है। दरअसल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू एवं उनके करीबीयों के तमाम ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में यह अकूत संपत्ति प्राप्त हुई है। जिसमें अभी तक 300 करोड़ रूपए का कैश तो गिन लिया गया है लेकिन यह सिलसिला अभी रूका नहीं बीते गुरूवार से यह गिनती जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक अभी तक जिन ठिकानों पर छापेमारी कर कैश बरामद किया गया है उसकी गिनती में अभी और दो दिनों का समय लग सकता है। आज कुछ और नए ठिकानों की खबर लगी हैं जहां और भी कैश मिलने की संभावना जतायी जा रही है। एक राज्यसभा सांसद के ठिकानों से इतनी भारी मात्रा कैश मिलने के बाद एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं वहीं पार्टी प्रवक्ता समेत स्वयं प्रधानमंत्री ने भी अपने भाषण में यह स्पष्ट किया कि यह जनता से लूटा गया पैसा है इसकी एक-एक पाई जनता को लौटानी पड़ेगी।
गौरतलब है कि धीरज साहू एक बड़े उद्योगपति हैं और शराब बनाने वाली कंपनी बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज से जुड़े हैं। आयकर विभाग ने ग्रुप के झारखंड-ओडिशा और बंगाल के 10 ठिकानों पर छापेमारी की। आयकर विभाग ने बलदेव साहू कंपनी के बोलांगीर स्थित कार्यालय से 30 किलोमीटर दूर सतपुड़ा ऑफिस में छापेमारी में 300 करोड़ रुपये कैश बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक नोटों के बंडल ऑफिस की नौ अलमारियों में भरे रखे थे। नोट 500, 200 और 100 रुपए को गड्डियों में रखे थे। इतनी बड़ी संख्या में कैश मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम ने मशीनों से नोट गिनकर 157 बैगों में भरा, जब बैग कम पड़ गए तो बोरियों में नोट भरे गए।