PM ‘मोदी को मणिपुर से ज्यादा इजराइल की चिंता’ – राहुल गांधी

आइजोल, 17 अक्टूबर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को मिजोरम में पार्टी के चुनाव अभियान का बिगुल फूंका। राज्य के गठन के बाद कई सालों तक मिजोरम में सत्ता में रही कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए संघर्ष कर रही है। राहुल ने अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन राजधानी आइजोल में एक विशाल पदयात्रा निकाली। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों और लोगों ने उनका जोरदार स्वागत भी किया।
इससे पहले राहुल गांधी ने राजभवन के नजदीक एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, मणिपुर अब एक राज्य नहीं रह गया है, बल्कि जातीय आधार पर दो राज्यों में बंट गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इजराइल की ज्यादा चिंता है। लेकिन मणिपुर में क्या हो रहा है, उसकी कोई चिंता नहीं। भाजपा सिर्फ नफरत फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस ने 1986 में शांति समझौते परहस्ताक्षर कर विद्रोह प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य में शांति स्थापित करने की पहल की थी।
उन्होंने कहा, मैं कुछ महीने पहले मणिपुर गया था। भाजपा ने मणिपुर के विचार को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। वहां के लोगों की हत्या की जा रही हैं, महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया जा रहा है। यहां तक की छोटे बच्चों को भी मारा जा रहा है। मणिपुर केवल समस्या का एक लक्षण है। ऐसी समस्याएं देश के विभिन्न क्षेत्रों में छोटे-छोटे रूप में देखने को मिलता है। राहुल गांधी ने भाजपा पर मिजोरम के युवाओं का जीवन नष्ट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, मैं आप लोगों को बताना चाहता हूं कि भाजपा ने यहां पांच सालों में क्या किया। आने वाले पीढ़ी के लिए यहां ड्रग्स तेजी से बढ़ रही है। इससे करीबन 250 युवा जिंदगियां खत्म हो गई। ड्रग्स की वजह से बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। जहां भाजपा आपके संस्कृति, धर्म और परंपरा पर हमला कर रही है, तो वहीं एमएनएफ दिल्ली में इसका समर्थन कर रहा है।