फैशन शो में कॉलेज की छात्राओं का अश्लील वीडियो बना रहा था सफाईकर्मी
दिल्ली ,08 अक्टूबर, । आईआईटी दिल्ली में आयोजित फैशन फेस्ट में शामिल होने आईं छात्राओं का अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह छात्राएं वॉशरूम में कपड़े चेंज कर रही थीं। इसी दौरान एक सफाईकर्मी ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य छात्राओं ने देख लिया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान मंगलापुर पालम में रहने वाले सफाईकर्मी आकाश के रूप में हुई है। वह आईआईटी दिल्ली में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में तैनात था। पुलिस ने बताया कि आईआईटी में आयोजित फैशन शो में हिस्सा लेने के लिए डीयू में भारती कॉलेज की 10 छात्राएं आईं थी। शो के दौरान यह छात्राएं वॉशरूम में कपड़े चेंज करने गई थीं। इसी दौरान एक युवक चुपके से इनका वीडियो बनाने लगा। अचानक से एक छात्रा की नजर आरोपी पर गई तो उसने शोर मचाया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी के मोबाइल को चेक किया और उसमें वीडियो मिलते ही लोगों ने पुलिस को फोन कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उधर, मामले की जानकारी मिलने पर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) ने कड़ी आपत्ति की है।