मनोज जोशी करेंगे 63वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का उद्घाटन – नागदास
नई दिल्ली, 25 अगस्त। 63वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का उद्घाटन 28 अगस्त, 2023 को प्रसिद्ध अभिनेता मनोज जोशी करेंगे, ललित कला अकादमी के अध्यक्ष प्रो.वी.नागदास ने आज संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उद्घाटन समारोह शाम 4.30 बजे कमानी ऑडिटोरियम में होगा, जिसमें प्रसिद्ध लेखक, निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और चाणक्य का किरदार निभाने वाले चंद्रप्रकाश द्विवेदी विशेष अतिथि होंगे और प्रख्यात समकालीन कलाकार वासुदेव कामत सम्मानित अतिथि होंगे। ललित कला अकादमी के अध्यक्ष प्रो.वी. नागदास की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन समारोह में बीस राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कलाकारों को पुरस्कृत किया जायेगा। इस पुरस्कार के तहत एक पट्टिका, प्रमाण पत्र और 2 लाख रुपये नकद प्रदान किए जायेंगे। प्रो.वी.नागदास ने कहा कि राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी देश का सबसे प्रतीक्षित और प्रतिष्ठित कला कार्यक्रम है। ललित कला अकादेमी पुरस्कार कलाकारों को नाम और प्रसिद्धि के साथ-साथ भविष्य के लिए अवसर भी प्रदान करता है।
ललित कला अकादमी अपने 69 वर्षों के इतिहास में पिछले 63 वर्षों से राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के लिए पेंटिंग, मूर्तिकला, प्रिंटमेकिंग, फोटोग्राफी, डिजिटल आर्ट, वीडियो आर्ट और इंस्टॉलेशन सहित विभिन्न शैलियों की कलाकृतियों को आमंत्रित किया जाता है। 63वें राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के लिए 5714 प्रविष्टियों के साथ 2291 आवेदक शामिल हुए थे, जिनमें से 295 कलाकृतियों को भागीदारी के लिए चुना गया था। अंतिम निर्णायक मंडल द्वारा इन 295 कलाकृतियों में से 20 प्रतिभाशाली कलाकारों को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है।
प्रो.वी.नागदास ने आगे बताया कि सभी पुरस्कृत कलाकारों की कृति ललित कला अकादमी की गैलरी में प्रदर्शित किया जायेगा और इस विशेष अवसर पर ललित कला अकादमी द्वारा तैयार किया गया एक यादगार कैटलॉग भी जारी किया जायेगा। इस दौरान राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी को और भी सार्थक बनाने के उद्वेश्य से कुछ अतिरिक्त कार्यक्रमों को भी आयोजित किया जायेगा। लगभग एक माह तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में लगभग 50 हजार कला प्रेमियों के उपस्थित होने की उम्मीद है।