जनता गरीब और नेता अमीर हो रहे यह नहीं चलेगा – प्रियंका गांधी

जबलपुर, 12 जून। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की कामना के साथ गौरीघाट पर मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया। गौरीघाट पर प्रियंका के साथ मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक तरूण भानौट, विधायक लखन घनघोरिया, विधायक विनय सक्सेना और संजय यादव के साथ कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रियंका गांधी ने शहीद स्मारक मैदान में आयोजित जनसभा में अपने संबोधन के साथ चुनावी बिगुल फूंका। प्रियंका गांधी ने चुनावी मंच से सत्ता में वापसी पर जनता को अनेक लाभकारी योजनाओं को प्रारंभ करने का वायदा भी किया। जिसमें महिला सम्मान निधि, पुरानी पेंशन योजना, रसोई गैस सिलेंडर 500 रूपए में, महिलाओं को हर माह 1500 रूपए सम्मान निधि देने की घोषणा, 100 यूनिट पर बिजली बिल माफ और 200 यूनिट पर बिल हाफ सहित प्रदेश के किसानों की कर्ज माफी और बेरोजगारों को रोजगार जैसी योजनाएं शामिल हैं। ज्ञात हो कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने बहुमत से सरकार बनायी थी परंतु तोड़-जोड़ की राजनीति के चलते सत्ता हाथ से छिन गई।
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में भाजपा सरकार की नाकामियों से रूबरू कराते हुए कहा कि 18 वर्ष पहले भाजपा ने प्रदेश की जनता से जो वायदे जो घोषणाएं की थी वह आज तक पूरी नहीं कीं। उन्होेंने लाडली बहन योजना को भी चुनावी प्रलोभन बताया। प्रियंका ने नाम न लेते हुए ज्यातिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए कहा कि हमारी पार्टी में ऐसे भी कुछ नेता थे जो सत्ता के लालच में पार्टी को छोड़ चले गए।
प्रियंका गांधी के आगमन गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आते ही मां गंगा और मां नर्मदा की याद आने लगती है। गृहमंत्री ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रियंका गांधी ऐसे नेताओं के साथ मंच साझा कर रहीं हैं जो महिलाओं कोे आइटम कह कर संबोधित करते हैं। दूसरी ओर प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने प्रियंका पर तंज कसते हुए कहा कि मां नर्मदा के घाट पर झूठी घोषणाएं करना यह चुनावी ढांेग है।