IPL 2020 : गौतम गंभीर चाहते हैं शुभमन गिल बनें KKR के कप्तान
नई दिल्ली, 17 दिसंबर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीमों में से कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी एक है। शाहरुख खान और जूही चावला के स्वामित्व वाली केकेआर ने 2012 और 2014 में दो बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। इन दोनों ही जीतों में एक बात कॉमन रही थी। वो यह कि दोनों जीतों में केकेआर की कमान गौतम गंभीर के हाथों में थी। क्रिकेट से संन्यास के बाद गौतम गंभीर भले ही मैदान पर ना उतरे हों, लेकिन अपनी इस फ्रेंचाइजी के प्रति उनका लगाव कम नहीं हुआ है। ऐसे में आईपीएल के अगले सीजन को लेकर गौतम गंभीर ने केकेआर के कप्तान को लेकर अपनी बात रखी है।
कोलकाता नाइटराइडर्स ने 2011 के ऑक्शन में गौतम गंभीर को खरीदा था और गंभीर की कप्तानी में टीम ने बड़ा बदलाव देखा। साथ ही दो टाइटल भी जीते। 2018 के ऑक्शन में केकेआर और गौतम गंभीर की राहें अलग हो गईं। गौतम को दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा। वहीं, दूसरी तरफ केकेआर ने दिनेश कार्तिक को खरीदा और उन्हें कप्तान बनाया। गौतम गंभीर ने कहा, ”मेरे लिए इस टीम में कप्तान के लिए बहुत सारे ऑप्शंस नहीं हैं। मैं केकेआर के कप्तान के लिए शुभमन गिल के साथ जाना चाहूंगा। मैं एक युवा का साथ दूंगा। दिनेश कार्तिक ने दो साल टीम को संभाल लिया है। वह अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाए। तो ऐसे में इस बार एक नए चेहरे शुभमन गिल के साथ जाना चाहिए। उनके पास शायद नई सोच हो, जिससे कुछ अच्छे नतीजे भी आएं।’