अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का एलान

मुंबई, 2  दिसंबर।   अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। सोमवार को ऑल इंडिया जूनियर सेलेक्शन कमेटी ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की। चयनकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ी प्रियम गर्ग को टीम की कप्तानी सौंपी है, जबकि ध्रुव चंद जुरेल को उपकप्तान बनाया गया है। मुंबई के 17 वर्षीय बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल इस टीम में सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में चुने गए हैं। यशस्वी ने बीते अक्टूबर में दोहरा शतक भी लगाया था।
अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन 17 जनवरी से 7 फरवरी तक दक्षिण अफ्रीका में होना है। टीम इंडिया को ग्रुप ए में न्यूजीलैंड, श्रीलंका और जापान के साथ रखा गया है। आपको बता दें कि भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम है। भारत ने 4 बार खिताब अपने नाम किया है। पिछला वर्ल्ड भी भारतीय टीम ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में जीता था।