World Cup : डिविलियर्स के WC खेलने के ऑफर को टीम मैनेजमेंट ने ठुकराया

केप टाउन , 6 June   —   ICC World Cup 2019 : विश्व कप शुरू होने से पहले किसी ने भी नहीं सोचा था कि वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियों से भरी साउथ अफ्रीकी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब होगा। वहीं ऐसी खबरें आ रही हैं कि एबी डिविलियर्स ने वर्ल्ड कप 2019 के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में शामिल होने की पेशकश की थी, लेकिन टीम का ऐलान करने से पहले साउथ अफ्रीकी टीम मैनेजमेंट ने इस पेशकेश को खारिज कर दिया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, डिविलियर्स ने मई के महीने में साउथ अफ्रीकी सिलेक्टर्स के सामने वर्ल्ड कप की फाइनल टीम के ऐलान से 24 घंटे पहले ऐसी पेशकश रखी थी।


आइपीएल 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर की तरफ से डिविलियर्स का प्रदर्शन अच्छा रहा था। डिविलियर्स ने टीम ऐलान होने से पहले साउथ अफ्रीकी कप्तान और अपने पुराने दोस्त फाफ डु प्लेसी, हेड कोच ऑटिस गिब्सन और सिलेक्टर्स की संयोजक लिंडा जॉन्डी के सामने टीम में शामिल होने की इच्छा जताई थी। हालांकि, ऐसा बताया जा रहा है कि उनके इस अनुरोध पर विचार भी नहीं किया गया। एबी को शामिल न करने के पीछे दो बड़ी वजह हैं। पहली यह कि मई 2018 में डिविलियर्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसलिए वह चयन के नियमों के अनुसार फिट नहीं बैठ पा रहे थे। नियम के हिसाब से टीम में उन्हीं खिलाड़ियों का चयन होगा जो वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीकी घरेलू क्रिकेट या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का हिस्सा होंगे।
मैनेजमेंट का मानना था कि अगर इस स्टार खिलाड़ी की वापसी हो भी जाती है तो यह रासी वान डेर डुसेन जैसे खिलाड़ी के साथ नाइंसाफी होगी। वान डेर डुसेन ने जनवरी 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू के बाद से पहले चार वनडे मैचों में लगातार तीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं। अब एबी डिविलियर्स के बारे में यह खुलासा सिर्फ टीम के दर्द को और बढ़ाने का काम रहा है। साउथ अफ्रीका का इस वर्ल्ड कप का आगाज बेहद निराशाजनक रहा है। इस मजबूत टीम को अपने पहले तीन मुकाबलों में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। अफ्रीका को अपने पहले मैच में मेजबान इंग्लैंड ने 104 रनों से बुरी तरह हराया। जबकि दूसरे मैच में बांग्लादेश ने बड़ा उलटफेर करते हुए 21 रनों से हराकर चौंका दिया। वहीं तीसरे मुकाबले में टीम को भारत के हाथों 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।