मध्‍यप्रदेश हाईकोर्ट भवन की पहली मंजिल में लगी आग

जबलपुर। मध्‍यप्रदेश हाईकोर्ट भवन में सोमवार शाम अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला। आग लगने से हाईकोर्ट परिसर और इलाके में अफरातफरी का वातावरण निर्मित हो गया। प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट मनीष बिल्लोरे के अनुसार हाईकोर्ट परिसर की प्रथम मंजिल के कोर्ट रूम नंबर 10 और 11 में शाम लगभग 5:45 पर आग लगी। उक्त कोर्ट रूम में लकड़ी का फर्नीचर रखा हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद जो पहला दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा उसमें पानी काफी कम था। जो जनचर्चा का विषय बना। जिस पर मौके पर मौजूद एसपी अमित सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्वयं मोर्चा संभाला और जब अन्य दमकल वाहन पहुंचे तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। फर्नीचर अब तक जलकर खाक हो चुका था। आग लगने के कारण पर शार्ट सर्किट की आशंका व्यक्त की जा रही है।