पत्रकार पर जानलेवा हमला किया
भोपाल, 5 जुलाई। राजधानी भोपाल में शराबियों ने शनिवार रात वरिष्ठ पत्रकार धनंजय प्रताप सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने हमलावरों को घर के पास बैठकर शराब पीने से रोका था। पत्रकार धनंजय अयोध्या बायपास के अभिनव होम्स में रहते हैं।
धनंजय सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे वे ऑफिस से घर पहुंचे। यहां पड़ोसी ने उन्हें घर के पास कुछ लोगों के शराब पीकर हंगामा करने की जानकारी दी। उन्होंने देखा कि कॉलोनी में बनी टंकी पर बैठकर तीन युवक शराब पीकर अभी भी हंगामा कर रहे हैं। धनंजय ने वहां से जाने को कहा। इससे गुस्साए आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड उनके सिर पर मारना चाही, जिसे उन्होंने हाथ से रोक लिया। हाथ में 8 टांके आए।
पत्रकार के पैर में भी रॉड मारने के जख्म हैं। हंगामा होने पर कॉलोनी के लोग भी पहुंच गए। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद सूचना मिलते ही अयोध्या नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। यहां जानकारी लेने के बाद पुलिस के साथ घायल धनंजय भी थाने आ गए। वे पुलिस से पहले एफआईआर करने के लिए कहने लगे, लेकिन पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल जाकर इलाज कराने काे कहती रही। इस कारण उन्हें थाने में ही करीब डेढ़ घंटे तक बैठना पड़ा। फिलहाल, मामले में अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।