गुजरात विधानसभा तक मार्च के दौरान कांग्रेस का हंगामा
अहमदाबाद, 10 दिसंबर। गुजरात कांग्रेस ने विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सरकार पर युवा, किसान व महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए विधानसभा कूच भी किया। इस दौरान कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं की पुलिस से भि़ड़ंत हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन व हल्का बल प्रयोग किया, धक्का मुक्की में कांग्रेस अध्यक्ष के कपड़े फट गए। गुजरात में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के विरोध में तथा युवाओं, किसानों व महिलाओं के अधिकारों की मांग को लेकर कांग्रेस ने सत्र से पहले एक जनसभा का आयोजन किया व बाद में विधानसभा के घेराव के लिए कूच किया। विधानसभा कूच के दौरान पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया व वाटर कैनन व लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं को बिखेर दिया।
कांग्रेस ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने पुलिस पर कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया तो गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने विधानसभा में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की खींचतान में ही उनके नेता का कुर्ता फट गया। उधर, पुलिस ने बताया कि कांग्रेस को सत्याग्रह छावणी में जनसभा की मंजूरी दी थी। रैली की मंजूरी नहीं थी। भाजपा प्रवक्ता भरत भाई पंड्या ने भी पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि सरकार किसी भी दल की रही हो, गांधीनगर में विधानसभा तक प्रदर्शनकारियों को जाने की इजाजत नहीं दी जाती है। कांग्रेस बेवजह राज्य में शांति व कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। रैली के दौरान पुलिस की वाटर कैनन पर कार्यकर्ताओं ने पथराव कर पुलिस को उकसाने का प्रयास किया। रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई नेता व कार्यकर्ताओं की धरपकड़ भी की गई, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी उग्र हो गए।
इससे पूर्व अध्यक्ष अमित चावड़ा, नेता विपक्ष परेश धनाणी, पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया व पूर्वअध्यक्ष सिद्धार्थपटेल आदि नेताओं ने सीएम विजय रूपाणी पर किसान, मजदूर व युवा विरोधी होने का आरोप लगाया। चावड़ा ने कहा कि सरकारी नौकरियों की भर्ती में हर बार अनियमितता व घोटाले हो रहे हैं। बीते कई दिनों से युवक-युवतियां गैर सचिवालय भर्ती परीक्षा में धांधली के खिलाफ गांधीनगर में धरना कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांग को गंभीरता से नहीं ले रही है। परेश धनाणी ने कहा कि सरकार निजी कंपनियों को फायदा कराने के इरादे से काम कर रही है। सरकारी नौकरियों में व्यापक भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिसका जवाब आने वाले समय में गुजरात की जनता जरूर देगी।