तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र मे रोजगार की अनंत संभावनाएं

उमरिया। स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा की बढ़ती मांग, उसके विविध आयामों और रोजगार के अवसरों से अवगत कराने प्राचार्य शा.पालीटेनिक महाविद्यालय उमरिया अतुल बाजपेयी के निर्देशन मे कल महाविद्यालय के व्याख्याताओं ने शा- कन्या परिसर एवं हाई स्कूल कछरवार पहुंचकर छात्र-छात्राओ को तकनीकी शिक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर दक्ष अभियंताओं के इस दल ने तकनीकी शिक्षा के संबंध मे विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।
विद्युत इंजीनियरिंग की विभागाध्यक्ष श्रीमती गरिमा शर्मा ने कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इंजीनियरिंग विषय की पढाई के कारण हमारे देश की बेटियां लोको पायलट से लेकर विमान उडाने, यहां तक कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी नाम कमा रही हैं। उन्होने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार की अनंत संभावनाएं है। छात्राओं को जानकारी देते हुए श्रीमती शर्मा ने बताया कि प्रगति एवं सक्षम योजना के तहत शासन द्वारा बालिका एवं दिव्यांग छात्राओं को प्रति वर्ष 50 हजार रूपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष मेकेनिकल इंजीनियरिंग अतुल अहिरवाल ने पालीटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयो में प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों के सवालों का जबाव देते हुए श्री अहिरवाल ने कहा कि पालीटेकनिक डिप्लोमा के माध्यम से वाणिज्य एवं कला संकाय में पढ़ने वाले छात्र भी इंजीनियर बनने का सपना पूरा कर सकते हैं। इस अवसर पर सिविल इंजीनियरिंग के व्याख्याता जयवर्धन साहू एवं अशोक गर्ग ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र मे रोजगार के अवसरों तथा पालीटेकनिक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों मे प्लेसमेंट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।