उत्‍कृष्‍ट कार्य करने वाले सहकारी बैंक कर्मी का हुआ सम्‍मान

जबलपुर, 26 सितंबर। जिला केन्‍द्रीय सहकारी बैंक जबलपुर की 117वीं वार्षिक आम सभा आज बैक के प्रशासक एवं कलेक्‍टर दीपक सक्‍सेना की अध्‍यक्षता में बैंक के सभागार में संपन्‍न हुई। बैठक में जिला सहकारी केन्‍द्रीय बैंक के वार्षिक आय-व्‍यय पत्रक एवं आगामी बजट के प्रावधानों का अनुमोदन किया गया।
वार्षिक आम सभा में कलेक्‍टर सक्‍सेना ने समिति प्रबंधक शहपुरा त्रिलोक सिंह राजपूत, समिति प्रबंधक पड़रिया भैयाजी सिंह ठाकुर एवं समिति प्रबंधक कुंआ अजय नायक को सर्वाधिक वसूली करने पर 5-5 हजार रूपये की पुरस्‍कार राशि प्रदान कर सम्‍मानित किया। इसी प्रकार पैक्‍स कम्‍प्‍यूटराइजेशन योजना अंतर्गत समिति को गो-लाईव करने के लिए बहुउद्देशीय बड़खेरा समिति के कम्‍प्‍यूटर ऑपरेटर विपिन साहु एवं बहुउद्देशीय देवरी कला समिति के ऑपरेटर दिव्‍यांश सोनी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वार्षिक आम सभा में अमानत वृद्धि के लिए पनागर शाखा के प्रबंधक देवकृष्‍ण तिवारी तथा उत्‍कृष्‍ठ वसूली के लिए सिहोरा शाखा के प्रबंधक शैलेष यादव को कलेक्‍टर श्री सक्‍सेना ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। वार्षिक आम सभा में प्रभारी उपायुक्‍त सहकारिता श्रीमती हेमलता डोंगरे, बैंक के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी चंद्रशेखर पटले, विपणन अधिकारी पंकज अटोलिया, प्रदेश संयोजक सहकारिता प्रकोष्‍ठ आलोक सिंघई आदि मौजूद थे।