उत्तराखंड- 18 मार्च तक 7 करोड़ 68 लाख कीमत की अवैध शराब जब्त
19 मार्च। उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के लिए शांतिपूर्ण मतदान कराने को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम एक्शन में हैं। स्टेट नोडल ऑफिसर (इलेक्शन एक्सपेंडिचर मॉनीटरिंग) मनमोहन मैनाली ने बताया है कि बीते 1 मार्च से 18 मार्च तक 7 करोड़ 68 लाख से अधिक कीमत की अवैध शराब, मादक पदार्थ, अनाधिकृत नकदी एवं अन्य सामग्री सीज की गई है।
इसी क्रम में प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के बाद 16 मार्च से 18 मार्च तक प्रवर्तन एजेंसियों ने 60 लाख से अधिक कीमत की अवैध शराब, मादक पदार्थ,गैरकानूनी नकदी और अन्य सामग्री सीज की है। चुनाव आयोग ने वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए चुनाव ड्यूटी में लगी प्रवर्तन एजेंसियों के लिए इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) की व्यवस्था लागू की है। इस ईएसएमएस में आबकारी, पुलिस, आयकर विभाग समेत 20 से अधिक एजेंसियां जुड़ी हुई हैं। अधिकांश प्रवर्तन की कार्रवाई एवं सीजर रिपोर्ट को रोजाना रात 12 बजे तक दर्ज किया जा रहा है। इसी ईएसएमएस सॉफ्टवेयर में सभी जिलों की प्रवर्तन एजेंसियां अपनी-अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है. इसकी सीधी मॉनीटरिंग भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड कार्यालय की ओर से की जा रही है।