बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व से रेस्क्यिू उपरांत बाघिन वन विहार पहुंचाई गई

उमरिया । बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मगधी रेंज स्थित बेहेरहा एनक्लोजर क्रमांक-1 में रह रही एक मादा बाघिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। यह समूचा रेस्क्यू अभियान संचालक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, डॉ. अनुपम सहाय के पर्यवेक्षण एवं उप संचालक पी. के. वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
रेस्क्यू ऑपरेशन से पूर्व बाघिन के व्यवहार का गहन अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट भोपाल भेजी गई थी। इसके पश्चात, वन्यजीव विशेषज्ञों की निगरानी में यह रेस्क्यू कार्य संपन्न हुआ। रेस्क्यू के दौरान वन्यजीव चिकित्सा टीम में डॉ. राजेश तोमर, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, तथा डॉ. अभय सेंगर, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, संजय टाइगर रिजर्व उपस्थित रहे। दोनों चिकित्सकों द्वारा मादा बाघिन की संपूर्ण चिकित्सकीय जांच एवं आवश्यक जैविक नमूनों का संग्रह किया गया।
बाघिन को अब आगे की चिकित्सा देखभाल एवं निगरानी हेतु वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल स्थानांतरित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील रेस्क्यू अभियान में एसडीओ ताला, एसडीओ धमोखर, रेंज ऑफिसर मगधी, रेंज ऑफिसर पतौर एवं रेंज ऑफिसर धमोखर की टीमों का सराहनीय योगदान रहा। सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से यह मिशन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।