श्री राम नवमी के पवित्र अवसर पर प्राकट्य पर्व का आयोजन सम्पन्न
उमरिया। राम नवमी के अवसर पर भगवान श्री राम के आदर्शवादी जीवन तथा समाज में उनके आदर्शों को लोक संस्कृति में पिरोने हेतु मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मंगल भवन में प्राकट्य पर्व कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मानपुर सुश्री मीना सिंह, बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह तथा कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम का आगाज शहडोल से आये मुनीन्द्र मिश्रा के दल ने बघेली लोकगीत अवध में बाजे बधइया से किया। उसके बाद बजी बजी बधइया बड़े भोर कौशिल्या घर रामा भये, मां का आराधना गीत मैया झूले झूलना,मोरे अंगना, एक सखी सिया संग बिहार तथा कोई आया सखा फुलवरिया में, जैसे जादू है उनके नज़रिया में गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की दूसरी प्रस्तुति अवन्तिका ग्रुप खजुराहो की अवन्तिका दुबे ने अपने दल के साथ नृत्य नाटिका के माध्यम से श्री राम के जन्म से राम विवाह तक के प्रसंगों की प्रस्तुति दी। प्रसंगों में इंग्लैंड से विलियम जुबी विश्वामित्र की भूमिका निभाई।
तीसरी प्रस्तुति में गिरीश ठाकुर के दल ने मेरी चौखट पर चलकर आज चारों धाम आयें है,बजाओ ढोल स्वागत में मेरे घर राम आये हैं, सिया राम जय राम, जय जय राम, अक्षुतम केश्वम कृष्ण दामोदरं ,राम जी निकली सवारी, राम जी की लीला है न्यारी, मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे ,गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति में बालाघाट से आयी मुस्कान चौरसिया ने गणेश वंदना, राम राम जय राजा राम, राम राम जय सीताराम,नगरी हो अयोध्या सी रघुकुल सा घराना हो, चरण हो राघव के जहाँ मेरा ठिकाना हो, मेरे भारत का बच्चा, बच्चा जय जय श्रीराम बोलेगा एवं दुनिया में देव हजारों है, बजरंग बली का क्या कहना गीत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में कलेक्टर की पत्नी सीमा जैन, सी ई ओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर शिव गोविंद सिंह मरकाम, एस डी एम बांधवगढ़ कमलेश नीरज, डिप्टीे कलेक्टंर मीनांक्षी इंगले, सी एम ओ उमरिया किशन सिंह, धनुष धारी सिंह,राकेश शर्मा राजा तिवारी, शम्भू लाल खट्टर, मान सिंह, ब्रजेश शर्मा, संजय तिवारी, गोविंद प्रसाद गौतम, सविता सोधिया, नीतू सिंह, अरुण त्रिपाठी, हरि गुप्ता आशीष सिंह, रमेश सोनी संतोष द्विवेदी, राज कुमार महोबिया, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नारायण दुबे सहित श्रोता गण उपस्थित रहे।