गाजी नगर में मकान का लेंटर गिरने से महिला की मौत, पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली ने मकान मालिक पर कार्यवाही की मांग की
जबलपुर। पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली ने बताया कि पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के गाजी नगर अब्दुल हमीद चौक इलाके में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान का लेंटर अचानक गिरने से घर में सो रही एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में एक मासूम बच्चा भी चपेट में आ गया, जिसका पैर टूटने की खबर है।घटना देर रात करीब 4 बजे की है, जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। अचानक लेंटर भरभराकर गिर पड़ा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने मलबे को हटाकर घायलों को बाहर निकाला। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में एक छोटे बच्चे को भी चोटें आई हैं, जिसका पैर टूट गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है, लेकिन उसे खास देखभाल की जरूरत होगी।
सैय्यद ताहिर अली के अनुसार, जिस मकान का लेंटर गिरा, वह काफी पुराना और जर्जर हालत में था। बारिश के कारण इसकी हालत और खराब हो गई थी, लेकिन किसी ने इसकी मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया। मकान मालिक से किराएदार द्वारा कई बार बोला गया परन्तु कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही एवं नगर निगम पर आरोप लगाया और जर्जर मकानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग की है।एवं मकान मालिक पर कार्यवाही की मांग की है।