अब हैंडबाल में भी उमरिया जिले की राष्ट्रीय स्तर पर बनीं पहचान

उमरिया। जिले की खेल प्रतिभाएं अपने हुनर का जलवा राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक दिखा रही है । जिले की पहचान हांकी की नर्सरी के रूप में तो थी ही अब हैंडबॉल में भी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनती जा रही है। राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड में अनुराग शामिल होंगे। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक कृष्णा झारिया को मध्यप्रदेश की टीम के प्रशिक्षक की कमान संभालेंगे।
भारत सरकार व इंडियन ओलम्पिक संघ के द्वारा उत्तराखंड सरकार के द्वारा देहरादून, रुद्रपुर, हल्द्वानी, ऋषिकेश, हरिव्दार, उत्तराकाशी में आयोजित राष्ट्रीय खेलो का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 जनवरी को देहरादून में किया गया। मध्य प्रदेश ओलम्पिक संघ व मध्यप्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के 335 खिलाड़ियों ने पात्रता प्राप्त की हैं जिसमें उमरिया हैंडबॉल प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी अनुराग यादव का चयन राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड में हैंडबॉल खेल में किया गया हैं। अनुराग पूरे शहडोल संभाग में एक मात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने ये उपलब्धि हासिल की हैं । अनुराग यादव पिता चिंतामणि यादव धावडा कालोनी के निवासी है। इनकी प्रारंभिक शिक्षा सज्जन स्कूल उमरिया से हुई है । वर्तमान में रणविजय प्रताप सिंह महाविद्यालय उमरिया का छात्र हैं एवं नगर पालिका स्टेडियम उमरिया में कृष्णा झारिया के निर्देशन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। दुर्गेश साहू, रूपेंद्र प्रताप सिंह, अंकित बर्मन एवं संदीप चौधरी ने राष्ट्रीय खेल गोवा में उमरिया जिले से चयनित होकर मध्य प्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय खेलो में भाग लिया था।
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में खेल एवं युवा कल्याण का प्रशिक्षण केंद्र नगर पालिका स्टेडियम उमरिया में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व जिला खेल युवा कल्याण अधिकारी की देखरेख में संचालित किया जाता हैं जिसमें हॉकी,हैंडबॉल खेल के खिलाड़ी नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। हैंडबॉल खेल का प्रशिक्षण राष्ट्रीय एन आई एस कोच कृष्ण कुमार झारिया के निर्देशन में खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रदान किया जाता हैं जिसका परिणाम हैं कि आज मध्य प्रदेश में उमरिया को हैंडबॉल खेल में एक अलग पहचान मिली हैं । जिले के खिलाड़ी पिछले दो वर्षों से हैंडबॉल खेल में अपना और जिले का नाम राष्ट्रीय खेलो में रोशन कर रहे हैं । इस बार 40 वर्षों में मध्यप्रदेश की हॉकी टीम ने भी पात्रता प्राप्त की हैं इसके पूर्व हॉकी की टीम 1985 में राष्ट्रीय खेलो में खेली थी।
खेल और युवा कल्याण विभाग के राष्ट्रीय एन आई एस कोच कृष्ण कुमार झारिया को पुनः हैंडबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया हैं इसके पूर्व भी राष्ट्रीय खेल गोवा, राष्ट्रीय खेलो इंडिया हरियाणा, गुजरात दिल्ली सहित अनेकों प्रतियोगिताओं में मुख्य प्रशिक्षक की भूमिका निभाई हैं।
जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी व कोच की उपलब्धि पर कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी प्रतिपाल सिंह महोबिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी शेख सलीम क्रीड़ा अधिकारी उच्च शिक्षा जितेंद्र सिंह जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष राकेश बर्मन व सभीं खेल प्रेमियों ने बधाई दी हैं।