PM मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट करने पर AAP के खिलाफ FIR दर्ज
नई दिल्ली, 14 जनवरी। दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की हैं। इंटरनेट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के बारे में आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करने के मामले में यह कार्रवाई की है। एफआईआर में कहा गया है कि आप ने चुनावी नैतिकता और लोकतांत्रिक मर्यादा का उल्लंघन किया है। मामले में नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक के खिलाफ चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी, उसके संयोजक और पदाधिकारियों ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 175, 336(2), 336(4), 353 और 299, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी, 66डी के तहत दंडनीय अपराध किए हैं। इन अपराधों के अलावा उन्होंने आदर्श आचार संहिता का भी उल्लंघन किया है। एफआईआर में कहा गया है कि आप की इंटरनेट मीडिया रणनीति जानबूझकर इन अनुचित और अनधिकृत एनिमेटेड प्रस्तुतियों के माध्यम से जनता की भावनाओं को भड़काने के लिए बनाई गई है।