खेती के उत्थान के बिना देश का उत्थान नहीं- दिनेश कुलकर्णी
जबलपुर, 9 दिसंबर। भारतीय किसान संघ की गुवाहाटी में संपन्न दो दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल होकर लौटे किसान संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने बताया कि मध्यप्रदेश में पराली जलाने के नाम पर सरकार व प्रशासन के द्वारा की गई किसानों पर कार्यवाही को लेकर निंदा की गई। श्री पटेल ने गुणवत्ता युक्त खाद, बीज व पर्याप्त बिजली, पानी आपूर्ति किसानों को न किए जाने का विषय भी बैठक में रखा। जीएम बीजों को लेकर सरकार की ढुलमुल नीति को किसान संघ ने देश के नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया। पूर्वोत्तर राज्यों के हित में पारित प्रस्ताव के बारे में जानकारी देते हुए अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने बताया कि पूर्वोत्तर राज्यों की कृषि, किसान को स्वावलंबी और संपन्न बनाने की दृष्टि से सरकार को सुझाव भेजे गए हैं। जिन पर केन्द्र व राज्य सरकार से शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया गया है। कार्यकारिणी बैठक में मध्यप्रदेश से अखिल भारतीय कार्यकारी अध्यक्ष रामभरोस वासोतिया, प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रांत संगठन मंत्री भरत पटेल, मध्य भारत प्रांत संगठन मंत्री मनीष शर्मा, मालवा प्रांत संगठन मंत्री अतुल माहेश्वरी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।