आंध्र प्रदेश- फार्मा कंपनी में भीषण विस्फोट, अब तक 15 की मौत 30 गंभीर घायल
आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली अच्युतापुरम इलाके में स्थित एसेंशिया कंपनी के फार्मा यूनिट में बड़ा हादसा हुआ। बुधवार को दोपहर के समय यहां अचानक हुए धमाके के कारण भीषण आग लग गई, खबर लिखे जाने तक इस आग की चपेट में आए कंपनी के 15 कर्मियों की दुखद मौत हो गई, जबकि 30 गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायल कर्मचारियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
अनकापल्ली अच्युतपुरम पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि अच्युतपुरम फार्मा में एसेंशिया एडवांस्ड साइंस प्राइवेट लिमिटेड में सैकड़ों कर्मचारी बुधवार को काम कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे लंच के दौरान अचानक से कंपनी के फार्मा यूनिट में जोरदार धमाका हुआ। धमाका होते ही अचानक से आग लग गई। पूरे यूनिट में धुआं ही धुआं भर गया। कर्मचारियों को समझ में नहीं आ रहा था कि क्या हो गया। वह अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे, लेकिन धुएं के बीच उनको बाहर जाने का गेट नहीं मिला और वह अंदर ही फंस गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट की आवाज से आसपास के गांव के लोग दहशत में हैं। धमाके के बाद गांव के लोगों ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंचीं। आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आग बुझाने के साथ-साथ अंदर फंसे कर्मचारियों को भी निकालने का काम किया गया। इस दौरान करीब 60 कर्मचारी अंदर फंसे हुए थे।