कटंगी अंतर्गत नाले में बहे 8 वर्षीय बालक का शव पाटन-हिरण नदी में उतराता मिला

जबलपुर, 29 जुलाई। तेज बारिश के चलते उफनते नाले के पानी में बहे 8 वर्षीय बालक का शव लगभग 30 किलोमीटर दूर पाटन अंतर्गत वासनघाट में हिरण नदी के पानी में उतराता मिला। जिस बच्चे का शव आज मिला उसे पुलिस प्रशासन व एस.डी.आर.एफ. की टीम शनिवार 27 जुलाई से ढूंडने लगे हुए थे। बच्चे के नाले में डूबने की खबर मिलते ही गुमंइसान कायम कर 8 वर्षिय बालक की तलाश करवाई जा रही थी।
कटंगी थाना अंतर्गत 27 जुलाई की शाम रंगरेज मोहल्ला स्थित नाले के पानी में एक बालक के बह जाने की खबर मिली थी। मो. ताहिर खान उम्र 54 वर्ष निवासी रंगरेज मोहल्ला ने बताया था कि मोहल्ले में स्थित नाले की पुलिया के पास खडे होकर उसका नाति फरहान उम्र 8 वर्ष 5 माह का खडे होकर नाले में पानी देख रहा था तभी अचानक पैर फिसलने से फरहान नाले के पानी में बह गया है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर आदित्य प्रताप सिंह के निर्देशानुसार एस.डी.आर.एफ. की टीम के द्वारा तलाश करवाई जा रही थी। बीते दो दिनोेें की तलाश दौरान के लगभग 30 किलोमीटर दूर आज 29-जुलाई-24 की दोपहर लगभग 3.00 बजे पाटन स्थित वासनघाट में हिरण नदी के पानी से 8 वर्षीय बालक फरहान का शव निकाला गया। पंचनामा कार्यवाही कर शव को पीएम हेतु भिजवाते हुये मर्ग कायम कर जांच में लिया गया।