चैंपियंस ट्रॉफी-2025 में फंसा पेंच, पीसीबी ने बीसीसीआई से लिखित में मांगा जवाब
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 का आयोजन 19 फरवरी 2025 से पाकिस्तान में होना है। पाकिस्तान में पिछले साल ही एशिया कप का आयोजन होना था लेकिन भारतीय टीम के मना करने के बाद उसे हाइब्रिड मॉडल के लिए मजबूर होना पड़ा था। चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर इस वर्ष भी वैसे ही हालात बन रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यह तय किया है कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 के सभी मैच पाकिस्तान में ही खेले जाएंगे, और वह अपने इस फैसले से कतई नहीं बदलेगा। ज्ञात हो कि 19-22 जुलाई के दरमियान श्रीलंका के कोलंबो में आईसीसी की बैठक होनी है। इस बैठक में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी शामिल हो सकते हैं।
गौरतलब है कि एशिया कप को लेकर 2023 में जो बवाल हुआ था, लगता है वही अब एक बार फिर होने लगा है। पाकिस्तान में होने वाले टूर्नामेंट को लेकर पीसीबी और बीसीसीआई आमने-सामने हैं। पिछले साल एशिया कप के लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम को पाकिस्तान भेजने से मना कर दिया था और वही स्थिति इस बार भी बनी हुई है। लगातार दूसरे अहम टूर्नामेंट की पूरी मेजबानी हाथ से जाती हुई दिख रही है, बहरहाल पीसीबी ने इस मुद्दे पर एक नया दाव खेला है और उसने बीसीसीआई से लिखित में जवाब की मांग कर अजीब से हालात पैदा कर दिए हैं।