हलवा रस्म के साथ शुरू हुई बजट की छपाई, 5 जुलाई को होगा पेश
नई दिल्ली। हलवा रस्म के साथ बजट 2019-20 के दस्तावेजों की छपाई शुरू हो गई। वित्तमंत्रालय कई सालों से इस रस्म के बाद बजट के काम की शुरुआत करता है। प्रकाशन प्रारंभ होने से पहले हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वित्त मंत्रालय में हलवा वितरण समारोह का आयोजन हुआ। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसमें शामिल हुए। इसके साथ ही करीब 100 कर्मियों का बजट पेश होने तक नॉर्थ ब्लॉक से निकलना बंद हो जाएगा। हर साल बजट को अंतिम रूप देने से कुछ दिन पहले नॉर्थ ब्लॉक में वित्त मंत्रालय के ऑफिस में एक बड़ी कढ़ाई में हलवा बनाया जाता है। वित्त मंत्री खुद इस कार्यक्रम में भाग लेते हैं। हलवा बनाने की रस्म काफी पहले से ही चली आ रही है। इसके पीछे कारण यही है कि हलवे को काफी शुभ माना जाता है और शुभ काम की शुरुआत भी मीठे से की जाती है।
परंपरा के अनुसार हलवा बनाने वाली कढ़ाई में वित्त मंत्री से घी डलवाया जाता है। वित्त मंत्री द्वारा कढ़ाई में हलवा बनाने की शुरुआत की जाती है। परंपरा के मुताबिक वित्त मंत्री के द्वारा मौजूद कर्मचारियों को हलवा परोसा जाता है। हलवा रस्म के बाद बजट के सभी डॉक्युमेंट्स चुनिंदा अधिकारी ही तैयार करते हैं। इस प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले सभी कंप्यूटर्स को दूसरे नेटवर्क से डीलिंक कर दिया जाता है। बजट पर काम कर रहा लगभग 100 लोगों का स्टाफ करीब 2 से 3 हफ्ते नॉर्थ ब्लॉक ऑफिस में ही रहता है। कुछ दिन उनको बाहर आने की इजाजत नहीं होती। इस दौरान कर्मचारियों को ईमेल, मोबाइल या अन्य किसी भी संचार माध्यमों से परिवार से संपर्क करने की अनुमति नहीं होती है। मंत्रालय के सिर्फ वरिष्ठ अधिकारियों को ही घर जाने की अनुमति रहती है। 5 जुलाई को देश की पहली महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले बजट है आम लोगों की उम्मीदें हैं। बजट में वित्त मंत्रालय द्वारा उन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान दिया जा सकता है, जिनसे रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को रफ्तार दिलाने में मदद मिले।