अमेरिकी सैनिकों से मिले ट्रंप, कहा- ‘हैप्‍पी मेमोरियल डे’

टोक्‍यो, 28 May  —   अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने मंगलवार को जापान में तैनात युद्धपोत यूएसएस वास्‍प में 800 से अधिक अमेरिकी सैनिकों का प्रोत्‍साहित करते हुए ‘हैप्‍पी मेमोरियल डे’ का संदेश दिया। अमेरिका ने सोमवार को मेमोरियल डे के मौके पर अपने शहीदों को सम्मानित किया।

ट्रंप योकोसूका में एक सैन्य अड्डे के पास दो पोत पर सवार हुए। इनमें से एक जापानी विध्वंसक पोत ‘जे.एस.कागा’ दूसरा ‘यूएसएस वास्प’ है। यूएसएस वास्‍प कई प्रयोजनों में इस्तेमाल होने वाला पोत है जहां से ट्रंप ने अमेरिकी सेना के 800 से अधिक सदस्यों को मेमोरियल डे के मौके पर अपना संदेश दिया। यूएसएस वास्‍प में पहुंचने से पहले ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप जापानी विध्‍वंसक जे.एस. कागा गए। ट्रंप ने जापानी सैनिकों को भी हैप्‍पी मेमोरियल डे का संदेश दिया।
जेएस कागा पर ट्रंप के साथ मौजूद आबे ने कहा कि ट्रंप के साथ उनकी मौजूदगी अमेरिका-जापान के बीच मजबूत संबंध होने का संकेत दे रहा है। हमारी साहसी और बहादुर जनता के कारण ही देश टिका हुआ है जो देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने से नहीं हिचकते। सैनिकों को दिए गए अपने संदेश में ट्रंप ने कहा, हमारी आजादी खून और पसीने की कमाई है साथ ही आप जैसे महान अमेरिकी देशभक्‍तों के त्‍याग का फल है।
राष्‍ट्रपति ट्रंप व प्रथम महिला मेलानिया को देख वहां मौजूद सैनिक ‘यूएसए यूएसए’ का नारा लगा रहे थे। ट्रंप ने उन्‍हें ‘ताकतवर लोगों का झुंड’ बताते हुए हिम्‍मतवर और बहादुर सैनिक करार दिया। ट्रंप ने सैनिकों से कहा, ‘मुझे आप सभी को हैप्‍पी मेमोरियल डे की शुभकामना देनी है। अमेरिका में मेमोरियल डे को वहां के लोग बलिदान और प्रार्थना के साथ याद कर रहे हैं। ट्रंप अमेरिकी सैनिकों के समाधि स्थल पर न जाने के लिए आलोचनाओं का शिकार होते रहे हैं। इसलिए ही अब व्‍हाइट हाउस इन मौकों पर सतर्क होता है। इस बार भी जापान के दौरे को खत्‍म करने से पहले उन्होंने ‘आर्लिंगटन सीमेट्री’ में शहीदों के कब्र पर झंडा लगाया।