गोडसे के वंशज हैं भाजपाई – कांग्रेस

नई दिल्ली, May 16 —   कांग्रेस ने कहा है कि मोदी-अमित शाह की चहेती भाजपा नेत्री, प्रज्ञा ठाकुर ने एक बार फिर गांधी जी के हत्यारे, नाथूराम गोडसे को ‘सच्चा देशभक्त’ बता पूरे देश का अपमान किया है। भाजपा बार-बार अपने नेताओं से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की सोच, रास्ता और विचारधारा पर कुत्सित हमले बोल रही है। यह भारत के गांधीवादी मूल सिद्धांतों का तिरस्कार करने का घिनौना भाजपाई षडयंत्र है। यह ऐसा अक्षम्य अपराध है जिसे देश कभी माफ नहीं कर सकता।


कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला ने कहा कि देश के शहीदों और महान विभूतियों का अपमान अब भाजपाई संस्कृति बन गया है। उन्होंने कहा कि हाल में ही प्रज्ञा ठाकुर ने 26/11 मुंबई उग्रवादी हमले के शहीद, हेमंत करकरे को ‘देशद्रोही’ बताने व पूरे परिवार को श्राप देने का अक्षम्य अपराध किया था। प्रज्ञा ठाकुर की उम्मीदवारी वापस ले देश से माफी मांगने की बजाए, मोदी जी ने प्रज्ञा ठाकुर का बचाव किया।
इसी साल बापू के 71 वें बलिदान दिवस (30 जनवरी, 2019) पर संघ परिवार से जुड़े, एक संगठन ने खुल्लमखुल्ला बापू की हत्या को मेरठ में फिर से चित्रित करने का दुस्साहस किया। यहां तक कि महात्मा गांधी का पुतला बना व एयर पिस्टल से गोली चला उनकी हत्या की घटना की पुनरावृत्ति की तथा नाथू राम गोडसे का महिमामंडन किया। भाजपा की उत्तर प्रदेश सरकार ने मूक सहमति जताई व मूक दर्शक बनी रही।