कलेक्टर ने नर्रई में दस्तक अभियान का जायजा लिया

जबलपुर, 19 जून । पांच वर्ष तक की आयु के बीमार एवं कुपोषित बच्चों को चिन्हित करने तथा उनके उपयुक्त इलाज की व्यवस्था करने जिले में चलाए जा रहे दस्तक अभियान का आज बुधवार को कलेक्टर श्री भरत यादव ने समाधि मार्ग स्थित ग्राम नर्रई में जायजा लिया ।

श्री यादव ने अभियान के तहत ग्राम नर्रई में घर-घर दस्तक देने पहुँचे स्वास्थ कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता एवं आशा कार्यकर्त्ता से पिछले एक सप्ताह की गतिविधियों की जानकारी ली । कलेक्टर ने इस मौके पर एकत्र हुए ग्रामीणों से भी चर्चा की तथा उन्हें दस्तक अभियान के आयोजन के उद्देश्य एवं महत्व को समझाते हुए बच्चों के स्वास्थ के प्रति सचेत रहने एवं अभियान में भागीदार बनने का आग्रह किया ।