बाबरी मस्जिद फैसले पर छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा- सत्य की जीत हुई ”सत्यमेव जयते”

रायपुर. 30, सितंबर। बाबरी मस्जिद केस में सीबीआई की विशेष अदालत ने आज अपना फैसला सुनाया। कोर्ट ने अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को ढहाए गए विवादित ढांचे के मामले में आज 28 साल बाद सभी 32 लोगों को बरी कर दिया है। फैसला आने के बाद कई राजनीतिक नेताओं ने खुशी जाहिर की है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सत्यमेव जयते, सत्य की जीत हुई। आज सभी 32 लोगों को बरी कर दिया। 28 साल बाद आए इस फैसले से यह तय हो गया कि अंत में जीत सत्य की ही होती है। बता दें कि 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में मस्जिद का ढांचा गिराया गया था और इस केस में 49 आरोपी बनाए गए थे। इनमें से 17 की मौत हो चुकी है और बचे हुए 32 आरोपियों पर फैसला आना था। फिलहाल कोर्ट ने सभी को बरी कर दिया है।