कचरे के डिब्बे की खरीदी के नाम पर लाखों का हेरफेर
(रितिक मिश्रा) जयसिंह नगर, 12 अगस्त। नगर परिषद के उपाध्यक्ष संजय गुप्ता द्वारा आरोप पत्र में बताया गया कि 4 अक्टूबर 2018 को संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग एवं शहडोल संभाग को लिखे गए पत्र में आरोप लगाते हुए जानकारी दी गई कि नगर परिषद द्वारा नगर के 15 वार्डों में सूखा और गीला कचरा रखने के लिए 30 नग (डस्टबिन) कचरे के डिब्बों का क्रय प्रगति इंजीनियरिंग, फिजा फॉर्म्स, बिहाइंड गुलशन गार्डन हलालपुर, भोपाल से 3 अप्रैल 2018 को क्रय की गई। जिनकी कीमतों का अंदाजा उनके आकार से ही लगाया जा सकता है, जो कि अधिकतम दो हजार से ₹2500 के बीच होगा। जबकि उक्त डब्बे की कीमत ₹9,600 की दर से कचरा डब्बों की कीमत ₹2,88000 भुगतान की गई है, जो कि वास्तविक दर से 3 से 4 गुना अधिक है।नगर परिषद जयसिंह नगर में कचरा डिब्बा खरीदी सहित विकास कार्यों में खर्च हुए लागत से अधिक व्यय की शंका में नगरीय प्रशासन एवं विकास के संयुक्त संचालक को जांच के लिए शिकायत पत्र लिखे गए हैं किंतु आज दिनांक तक कोई जांच नहीं हो पाई है।
उक्त मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी जे.एन. पांडे का कहना है कि डस्टबिन के डब्बे सरकार के जन पोर्टल द्वारा मार्केट से खरीदी की गई हैं, इनकी कीमत 2000 है या 2500 यह हमें पता नहीं है जो कीमत लगाई गई है उसी के अनुसार खरीदी की गई है।