ग्वालियर-मुरैना के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज, मरीजों से मिले
ग्वालियर, 11 जुलाई। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है। हम शीघ्र ही सभी के सहयोग से प्रदेश में इसे पूर्ण रूप से परास्त करेंगे। मुख्यमंत्री ने शनिवार को यहां जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में कोरोना के इलाज की सर्वश्रेष्ठ व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रदेश में कोरोना की मृत्यु दर निरंतर नीचे जा रही है तथा हमारे प्रयास हैं कि कोरोना का हर मरीज स्वस्थ होकर घर जाए। उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिले में कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण है। यहां की मृत्यु दर भी काफी कम है, जिसका एक कारण यहां के निवासियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होना है। परंतु पिछले कुछ दिनों से थोड़ा संक्रमण बढ़ा है। क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य इस संबंध में वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखकर कार्य करें। संक्रमण बिल्कुल नहीं फैलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजार खुले रहें, परंतु बाजारों में फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। हर व्यक्ति अनिवार्य रूप से मास्क पहने, एक-दूसरे के बीच पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, यहां-वहां न थूकें तथा अन्य सभी सावधानियां बरतें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना इलाज के लिए चयनित अस्पतालों एवं आइसोलेशन सेंटर्स में कम से कम 4 हजार बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही अस्पतालों में ऑक्सीजन सहित सभी चिकित्सकीय इंतजाम पुख्ता होने चाहिए।