किसानों के कल्याण के लिये 1,63,343 करोड़ के पैकेज की ऐतिहासिक घोषणा है – तिवारी
नई दिल्ली, 15 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित राहत पैकेज को लेकर आज माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीसरी चरण में बड़ी घोषणाएं की और विस्तारपूर्वक उसे देशवासियों के सामने रखा। किसानों को आर्थिक मजबूती देने के लिए आज की की गई घोषणाओं के लिए माननीय वित्त मंत्री जी का धन्यवाद देते हुए दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि देश के किसानों के कल्याण के लिये कल 2,30,000 करोड़ के पैकेज के बाद आज 1,63,343 करोड़ के पैकेज की ऐतिहासिक घोषणा है।
गौरतलब है कि मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री द्वारा उठाये गये कदम से किसानों की आय को दोगुना करने का संकल्प पूरा होगा। तिवारी ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और आज की घोषणाएं कृषि के क्षेत्र में देश को और मजबूती प्रदान करेगी और आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देगी। उन्होंने बताया कि एग्रीग्रेटर्स, एफपीओ, प्राइमरी एग्रीकल्चर सोसाइटी आदि के लिए फार्म गेट इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास और कृषि के बुनियादी ढांचे के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक लाख करोड़ की मदद मिलने से किसानों के पास भंडारण की कमी पूरी होगी।
माइक्रो फूड इंटरप्राइजेज को ग्लोबल स्टैंडर्ड के प्रोडक्ट बनाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये दिया जाएंगे ताकि वे ग्लोबल स्टैंडर्ड के प्रोडक्ट बना सकें जिससे वेलनेस, हर्बल, ऑर्गनिक प्रोडक्ट करने वाले 2 लाख माइक्रो फूड इंटरप्राइजेज को फायदा होगा। 55 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल सके इसलिए 20,000 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तत्काल लागू किया जा रहा है।