केजरीवाल का तिवारी पर तंज: मनोज तिवारी “रिंकिया के पापा” अच्छा गाते हैं…!

नई दिल्ली, 17 दिसंबर। दिल्ली में एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी पर व्यंग कसा है। कार्यक्रम के दौरान जब केजरीवाल से पूछा गया कि क्या आप मनोज तिवारी को एक विरोधी चेहरे के तौर पर देखते हैं तो उनका जवाब कुछ इस तरह रहा। उन्होंने कहा ‘मैंने एक बार और बोला था कि मनोज तिवारी गाते बहुत अच्छा हैं। आप लोगों ने रिंकिया के पापा सुना है, सुनना चाहिए, बहुत अच्छा गाना है।
इससे पहले उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत एक किस्से से की उन्होंने किस्से का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले उनके पास एक बीजेपी कार्यकर्ता आया और उसने कहा कि मैं इस बार आपको वोट दूंगा क्योंकि मेरा अकेला बेटा है, उसका भविष्य अंधेरे में नजर आता था। आपने जो सरकारी स्कूलों में बदलाव किया, उससे मुझे उम्मीद मिली है। आपने मेरे बेटे का भविष्य बना दिया।
अब अगर मैंने आपको वोट नहीं दिया तो मैं अपने बेटे अपने परिवार के साथ गद्दारी करूंगा, केजरीवाल ने कहा कि हमने पिछले 5 सालों में अपने विरोधियों का दिल जीता है, दुआएं कमाई हैं। हमने पिछले 5 सालों में सबके लिए काम किया है। विरोधी के तौर पर मनोज तिवारी को देखने की बात पर केजरीवाल ने आगे कहा कि हम सिर्फ जनता की लड़ाई लड़ेंगे और जो जनता तय करेगी वही होगा, हमारे लिए जनता महत्वपूर्ण है, हम सिर्फ उसी के लिए लड़ेंगे।