बीएसएनएल (BSNL) का नया लोगो और सात ग्राहक केंद्रित सेवाओं का अनावरण

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के नए लोगो और इसकी सात नागरिक केंद्रित सेवाओं का अनावरण किया। ये सेवाएँ भारत के हर कोने में सुरक्षित किफायती और विश्वसनीय कनेक्टिविटी प्रदान करने पर बीएसएनएल के नए फोकस को दर्शाती हैं। लोगो का शुभारंभ संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर की उपस्थिति में किया गया। अनावरण समारोह नई दिल्ली स्थित भारत संचार भवन में आयोजित किया गया और इसमें दूरसंचार सचिव नीरज मित्तल, बीएसएनएल के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक रॉबर्ट जे रवि सहित दूरसंचार विभाग, बीएसएनएल, सीडीओटी, आईटीआई और टीसीआईएल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नए लोगो के साथ-साथ, सात अग्रणी पहलों का भी शुभारंभ किया गया, जिनका उद्देश्य भारत में संपर्क, संचार और डिजिटल सुरक्षा को बढ़ाने के तरीकों में क्रांतिकारी बदलाव लाना है।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नए लोगो का अनावरण करते हुए कहा कि बीएसएनएल का नया लोगो ग्राहक सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन 7 नागरिक केंद्रित सेवाओं का गुलदस्ता मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया और मेड बाय इंडिया है। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल भारत में इन सात स्वदेशी सेवाओं को लॉन्च करने वाला एकमात्र दूरसंचार सेवा प्रदाता (टीएसपी) है, जो अब से बीएसएनएल को भारत में तकनीकी नवाचारों में हमेशा सबसे आगे रखेगा। बीएसएनएल जल्द ही 5जी सेवाएं शुरू करने जा रही है, इसने 3.6 गीगाहर्ट्ज और 700 मेगाहर्ट्ज बैंड में 5जी आरएएन और कोर का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। भारत के स्वदेशी 5G विज़न के बारे में बात करते हुए, मंत्री ने बताया कि बीएसएनएल ने भारत के महत्वाकांक्षी 5G रोल-आउट को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं। हमने 3.6 गीगाहर्ट्ज और 700 मेगाहर्ट्ज बैंड दोनों में स्वदेशी 5G RAN और कोर के सफल परीक्षण किए हैं और भारत जल्द ही स्वदेशी 5G सेवाएँ शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि 2025 के मध्य तक स्थापित की जाने वाली 1,00,000 बीएसएनएल 4G साइटों में से कई को 5G कनेक्टिविटी के लिए भी तैयार किया जाएगा।

संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासनी चंद्रशेखर ने इस अवसर पर कहा कि बीएसएनएल हमेशा से ही देश की रीढ़ की हड्डी रहा है और दूरदराज के चुनौतीपूर्ण इलाकों में दूरसंचार सेवाएं प्रदान करता रहा है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि बीएसएनएल को सरकार का अटूट समर्थन प्राप्त है और इसे दो पुनरुद्धार पैकेज मिले हैं। बीएसएनएल पूरी तरह से स्वदेशी 4जी उपकरण लगा रहा है जो तकनीकी उन्नति की क्षमता को दर्शाता है। मंत्री ने उल्लेख किया कि बीएसएनएल के पास कुशल जनशक्ति है और इसकी पहुंच देश भर में है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि नए लोगो के अनावरण से बीएसएनएल को नई पहचान मिलेगी और यह बीएसएनएल के बदलाव और नवाचार के लिए तत्परता को दर्शाता है।

बीएसएनएल का नया लोगो ताकत, भरोसे और पहुंच का प्रतीक है। भारत के चारों ओर हरे और सफेद तीर कंपनी की व्यापक राष्ट्रव्यापी पहुंच पर जोर देते हैं, जबकि जीवंत नारंगी पृष्ठभूमि गर्मजोशी और समावेशिता का प्रतीक है। बोल्ड टैगलाइन ‘कनेक्टिंग भारत ‘ शहरी और ग्रामीण भारत दोनों को जोड़ने वाले आधुनिक, विश्वसनीय दूरसंचार नेटवर्क की पेशकश करके डिजिटल डिवाइड को पाटने के बीएसएनएल के अटूट मिशन को उजागर करती है।