केजरीवाल का सीएम पद से इस्तीफा- अतिशी की सरकार बनाने की दावेदारी पेश

नई दिल्ली, 18 सितंबर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के द्वारा उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना को सीएम पद से इस्तीफा सौंपने के बाद आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ कार्यकर्ता आतिशि ने उपराज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने की दावेदारी पेश की। विधायक दल की बैठक में अरविंद केजरीवाल ने यह स्पष्ट किया कि दिल्ली की अगली सीएम आतिशि की होंगी। बैठक में सर्वसम्मति से आतिशी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। आतिशी एक सप्ताह के भीतर दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकतीं हैं।
गौरतलब है कि विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद आतिशी ने कहा कि जब तक मैं इस जिम्मेदारी को निभा रही हूं, तो मेरा एक ही मकसद रहेगा। मैं दिल्ली के लोगों की फ्री बिजली, पानी, शिक्षा और इलाज की रक्षा करने की पूरी कोशिश करूंगी। मैं अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में दिल्ली की सरकार चलाऊंगी। दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री आतिशी ने खुद को विधायक दल की नेता चुने जाने पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का अभार जताया है। आतिशी ने धन्यवाद जताते हुए कहा कि दिल्ली का एक ही मुख्यमंत्री है और उनका नाम है अरविंद केजरीवाल। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो साल से उनको परेशान करने और उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। एक ईमानदार आदमी पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाकर केस किया गया और उनको छह महीने तक जेल में रखा गया।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उन्होंने इस्तीफा देकर जनता की अदालत में जाने का फैसला किया। केजरीवाल ने कहा कि जब दिल्ली की जनता कहेगी कि वह ईमानदार हैं, तभी वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठेंगे।