हरियाणा विस चुनाव – कांग्रेस ने जारी की 31 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
हरियाणा, 6 सितंबर। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पहली लिस्ट जारी कर दी है। आज शुक्रवार को ही कांग्रेस में शामिल हुईं विनेश फोगाट को जुलाना सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। हालाकि बजरंग पूनिया और विनेश ने एक साथ आज पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में दोनों ने पार्टी ज्वाइन की। पार्टी में शामिल होने पर विनेश ने कहा यह मेरे लिए गौरव का क्षण है, मैं अपनी बहनों के साथ हमेशा खड़ी रहूंगी। पहली लिस्ट में भूपिंदर सिंह हुड्डा समेत अधिकतर सिटिंग विधायकों को टिकट मिला है। फिलहाल प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में बजरंग पूनिया का नाम शामिल नहीं है। पहली लिस्ट में 31 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान को होडल (एससी) सीट से टिकट दिया गया है। भूपिंदर हुड्डा को गढ़ी सांपला किलोई, कुलदीप वत्स को बादली और सुरेंद्र पंवार को सोनीपत सीट से उम्मीदवारी दी गई है।
कांग्रेस की चुनावी रणनीति के तहत पहली लिस्ट में भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत 28 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। इसमें रेवाड़ी से लालू प्रसाद यादव के दामाद और कांग्रेस के सिटिंग विधायक चिरंजीव राव पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताया है। भिवानी-महेंद्रगढ़ से लोकसभा चुनाव हारने वाले महेंद्रगढ़ के सिटिंग विधायक राव दान सिंह को महेंद्रगढ़ से एक बार फिर टिकट मिला है। विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सहमति बनती नहीं दिख रही है। इसलिए आप राज्य की 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है।