स्कूल के संचालन में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाही करें – अंतर सिंह आर्य
मंडला, 26 जुलाई। आदिवासी समुदाय को स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले, स्कूलों में बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, उचित मूल्य की दुकानों से राशन और शासन की योजनाओं का लाभ मिले इस उद्देश्य के तहत राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने कहा कि पूरे देश में बारह करोड़ आदिवासी निवास करते हैं। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार और शासन की योजनाओं का लाभ मिले इसकी निगरानी करना आयोग की जिम्मेदारी है। आर्य गुरुवार को जिला योजना भवन में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर कलेक्टर श्रेयांश कूमट, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेंद्र सिंह, निज सचिव अनुसूचित जनजाति आयोग प्रकाश उईके, रंजीत सेन सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।