गुजरात: 2 राज्यसभा सीटों के लिए आज वोटिंग, कांग्रेस ने लगाया BJP पर आरोप

गांधीनगर, 5 जुलाई ।  गुजरात में आज राज्यसभा की दो 2 सीटों के लिए उपचुनाव होने जा रहे हैं।  अमित शाह और स्मृति ईरानी के इस्तीफे की वजह से गुजरात से राज्यसभा की 2 सीटें खाली हुई हैं, अमित शाह और स्मृति ईरानी लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर अब लोकसभा के सांसद बन चुके हैं। इन दोनो के इस्तीफे की वजह से खाली हुई राज्यसभा की सीटों पर आज मतदान हो रहा है। देश में बजट की चर्चा के बीच गांधीनगर में आज वोट डाले जाएंगे। गुजरात कांग्रेस ने विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है और सभी विधायकों को मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। गुजरात कांग्रेस के सभी 69 विधायक पिछले 24 घंटे से ज्यादा समय से एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे, ये सारे विधायक गांधीनगर के लिए रवाना हो गए हैं।

Gujarat Rajya Sabha Elections Live Updates- India TVकांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा उनके विधायकों को तोड़ने का प्रयास कर रही है। क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए कांग्रेस सभी विधायकों को राजस्थान बॉर्डर के पास पालनपुर में मौजूद बलराम रिजॉर्ट में लेकर गई थी। विधानसभा में आज सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू होगी, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। वोटों की गिनती आज शाम 5 बजे से ही होगी। गुजरात विधानसभा में 182 सदस्य होते हैं. लेकिन इस उपचुनाव में 175 एमएलए ही वोट करेंगे। गुजरात में भाजपा के 100 और कांग्रेस के 71 विधायक हैं। एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 50 प्रतिशत वोट यानी कि 88 विधायकों का मत चाहिए। भाजपा ने इन सीटों पर विदेश मंत्री एस जयशंकर और ओबीसी नेता जुगलजी ठाकोर को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने चंद्रिका चुड़ासमा और गौरव पांड्या को उतारा है।