आप के बागी विधायक बाजपेयी और सहरावत ने स्पीकर गोयल की भूमिका पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 5 जुलाई ।   आम आदमी पार्टी के बागी विधायक अनिल बाजपेयी और देवेंद्र सहरावत विधानसभा कमेटी के सामने पेश हुए। इस दौरान दोनों ने कमेटी के सामने अपने पक्ष रखे। दोनों विधायकों पर आरोप है कि उन्होंने चुपचाप बीजेपी की सदस्यता ले ली। यह आरोप लगने के बाद दोनों विधायकों को स्पीकर ने नोटिस जारी कर पूछा था कि क्यों न विधानसभा से उनकी सदस्यता को रद्द कर दिया जाए। इसके बाद दोनों ही विधायकों ने अपने वकीलों के साथ कमेटी के सामने अपना पक्ष रखा।

बाजपेयी और सहरावत के वकीलो ने कमेटी के समक्ष बहस के दौरान स्पीकर रामनिवास गोयल की भूमिका पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि मामले को तटस्‍थ तरीके से नहीं देखा गया है। दो घंटे तक चली बहस के बाद मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया गया है। अब सुनवाई 9 जुलाई को होना तय किया गया है।
दोनों ही विधायकों ने कहा कि रामनिवास गोयल के स्‍थान पर कोई निष्पक्ष पीठ इस मामले की सुनवाई करे तो अच्छा होगा। उन्होंने बताया कि स्पीकर खुद ही आप के कार्यकर्ता हैं ऐसे में उन्हें इस मामले की सुनवाई का हक नहीं है। सहरावत ने कहा कि केजरीवाल जब स्वयं चुनाव आयोग की भूमिका पर सवा उठाते हैं तो उन्हें अपने स्पीकर की भूमिका पर भी विचार करना चाहिए।