सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

जबलपुर, 27 जून । संभागायुक्त राजेश बहुगुणा की विशेष पहल पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन निर्धारण एवं स्वत्व भुगतान संबंधी वर्षों से लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। वर्षों से लंबित पेंशन प्रकरणों के मौके पर ही निराकरण होने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।

जिला पेंशन कार्यालय कटनी में जून माह में आयोजित विशेष पेंशन शिविर में वर्षों से लंबित 16 प्रकरणों को मौके पर निराकृत कर संबंधितों को पीपीओ आदेश जारी किये गये। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी से संबंधित स्वर्गीय रेवा पाठक और राजेन्द्र प्रसाद निगम के पेंशन प्रकरण सेवानिवृत्त दिनांक जून 2014 से लंबित चले आ रहे थे। जिनका निराकरण संभागीय पेंशन दल ने विशेष प्राथमिकता से शिविर में किया। कमिश्नर श्री बहुगुणा की विशेष पहल पर आयोजित इस पेंशन शिविर में राजेन्द्र प्रसाद निगम व स्वर्गीय रेवा पाठक के परिजन सहित सभी 16 सेवा निवृत्त कर्मचारी तीन दिवसीय शिविर में अपना पीपीओ प्राप्त कर फूले नहीं समा रहे थे। विशेष पेंशन शिविर में कुल 22 प्रकरण प्राप्त हुये थे। जिनमें 16 प्रकरण निराकरण उपरांत पारित हुये। शेष प्रकरणों में कमियों की पूर्ति के लिये संबंधित विभागों को वापस कर शीघ्र प्रस्तुत करने की सलाह दी गई।
कमिश्नर जबलपुर संभाग के निर्देश पर जिला पेंशन कार्यालय कटनी में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु आयोजित तीन दिवसीय शिविर में संभागीय पेंशन कार्यालय जबलपुर से ए0के0 महोबिया, संभागीय पेंशन अधिकारी के साथ सहायक संचालक पेंशन अमित चौबे, सहायक पेंशन अधिकारी सचिन झा, चैतन्य सराफ एवं रोहित परौहा के दल ने कटनी के प्रभारी जिला पेंशन अधिकारी साकेत जैन के दल ने कटनी के प्रभारी जिला पेंशन अधिकारी साकेत जैन और सहायक पेंशन अधिकारी संदीप कुमार गौंटिया के साथ संयुक्त रुप से सभी 22 लंबित प्रकरणों की जांच कर निराकरण की कार्यवाही संपादित कराई। शिविर के दौरान ही 16 लंबित प्रकरणों में संभागीय पेंशन अधिकारी के दल द्वारा जांच में उचित और उपयुक्त पाये जाने पर पेंशन प्राधिकार पत्र जारी किये गये।
विशेष पेंशन शिविर में निराकृत कार्यालय पुलिस अधीक्षक कटनी से संबंधित सेवानिवृत्त कर्मचारी रेवा पाठक और राजेन्द्र प्रसाद निगम के पेंशन प्रकरण 2014 से लंबित चले आ रहे थे।
राजेन्द्र प्रसाद निगम 30 जून 2014 को एएसआई पद से सेवानिवृत्त हुये थे। इनका पेंशन प्रकरण प्रथम बार जिला पेंशन कार्यालय में 4 अप्रैल 2017 को प्रस्तुत हुआ। जबकि स्वर्गीय रेवा पाठक एएसआई की मृत्यु 21 सितम्बर 2014 को हो गई थी और उनका प्रकरण 9 नवम्बर 2017 को जिला पेंशन कार्यालय को प्रस्तुत हुआ। इन दोनों ही प्रकरणों में जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित कर्मचारी एएसआई (एम) के पद पर नियुक्त हुये थे और उनके द्वारा जनरल ड्यूटी एएसआई का वेतन प्राप्त किया गया। वेतन निर्धारण की जांच में पाया गया कि अधिक भुगतान प्राप्त करने संबंधी आपत्ति इनकी सेवा पुस्तिका में कोष एवं लेखा द्वारा अंकित की गई थी। इस आपत्ति के विरुद्ध सभी एएसआई (एम) समूह द्वारा न्यायालय में वाद प्रस्तुत हुआ था। प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया कि इस वाद में दोनों ही कर्मचारी व्यक्तिगत रुप से सम्मिलित नहीं हैं और आधिक्य भुगतान की वसूली नियमानुसार की जा रही है। पेंशन शिविर में संभागीय पेंशन दल द्वारा जांच की गई और उचित नियमानुसार पाये जाने पर संबंधितों को पेंशन प्राधिकार पत्र जारी किये गये।