वैश्विक सूचकांक प्रभाव: सेंसेक्स 617.14 अंक, निफ्टी 15,115.80 पर

मुंबई,8 फरवरी। बाजार ने आज भी तेजी का सिक्सर लगाया है। सेंसेक्स-निफ्टी रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। आज के कारोबार में सेसेंक्स 618 अंक यानी 1.22 फीसदी की बढ़त के साथ 51,348.77 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं निफ्टी 192 अंक यानी 1.28 फीसदी की मजबूती के साथ 15115.80 के स्तर पर बंद हुआ है। शेयर बाजार में लगातार 6वें दिन बढ़त जारी है। BSE सेंसेक्स पहली बार 51,400 और निफ्टी 15,100 के रिकॉर्ड स्तर को पार किया है। बाजार की बढ़त में सबसे आगे ऑटो और बैंकिंग शेयर हैं। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 10% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। इसके अलावा एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, एसबीआई और बजाज फाइनेंस बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
दूसरी ओर एनटीपीसी और बजाज ऑटो लाल निशान में थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 117.34 अंक या 0.23 प्रतिशत बढ़कर 50,731.63 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 28.60 अंक या 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,924.25 बंद हुआ। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार थे और शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक उन्होंने शुक्रवार को सकल आधार पर 1,461.71 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत बढ़कर 59.89 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 600 अंक से अधिक चढ़कर सर्वकालिक उच्च स्तर ऊंचाई पर पहुंच गया। इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सूचकांक 668.36 अंक या 1.32 प्रतिशत बढ़कर 51.199.99 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह व्यापक एनएसई निफ्टी 192.55 अंक या 1.29 प्रतिशत बढ़कर 15,116.80 के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
अमेरिका से आ रहे पॉजिटिव अपडेट से वैश्विक बाजारों में भी बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 592.81 अंक यानी 2.06% बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.16% ऊपर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.87%, ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स 0.91% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दरअसल, फरवरी में नए राहत पैकेज की उम्मीद से अमेरिकी बाजारों के प्रमुख इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। 5 फरवरी को डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल इंडेक्स 31,148.24 पर, S&P 500 इंडेक्स 3,886.83 और नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स 13,856.30 पर बंद हुए थे।